23/03/2018
भोपाल| प्रदेश में किसानों की लहसुन और प्याज की फसल को सरकार भावान्तर भुगतान योजना के तहत खरीदी करेगी| वहीं मसूर, चना और सरसों इस बार समर्थन मूल्य पर खरदी जायेगी| यह घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर की है| उन्होंने कहा है कि चना मसूर में जिन किसानों ने भावान्तर भुगतान योजना में रजिस्ट्रेशन कराया होगा उनकी फसल को समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा| चने के साथ-साथ मसूर और सरसों भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकार खरीदेगी| वहीं किसानों के मुद्दों पर शनिवार शाम को मुख्यमंत्री लाइव होकर सम्बोधित करेंगे, जिसमे इससे संबधित मामलों पर कई घोषणाएं कर सकते हैं |
मुख्यमंत्री ने चर्चा में बताया कि किसानों को उचित मूल्य देने के लिए प्रदेश सरकार संकल्पित है| सूखे के बावजूद फसलों का बंपर उत्पादन हुआ है| भावांतर भुगतान योजना को लेकर भारत सरकार गंभीरता से विचार कर रही है| गृहमंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में इस बारे में प्रधानमंत्री फैसला लेने वाले हैं| मध्य प्रदेश सरकार इस बार लहसुन और प्याज को भावान्तर भुगतान योजना के अंतर्गत खरीदी करेगी|
बता दें कि पहले सरकार ने चना मसूर और सरसो को भावान्तर योजना के तहत खरीदी करने का फैसला किया था, और इसके लिए किसानों ने पंजीयन भी करा लिए हैं| जोर शोर से सरकार ने किसानों को पंजीयन कराने की अपील भी की थी, पंजीयन की अंतिम तारिख भी बदली गई| लेकिन मुख्यमंत्री ने दिल्ली से लौटते ही अपने ही फैसले से यू टर्न ले लिया है| नए फैसले के तहत अब चना मसूर और सरसों को सरकार ने भावान्तर योजना से बाहर कर दिया है| इसके पीछे कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदेश सरकार को भावान्तर भुगतान योजना के लिए केंद्र से मिलने राशि का रुकना बताया जा रहा है|